मिनपा में कभी झोपड़ीनुमा अस्थायी व्यवस्था में शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाएं आज राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) मूल्यांकन तक पहुंच गई हैं। अत्यंत सुदूर, पहुंचविहीन और संवेदनशील क्षेत्र में स्थित मिनपा स्वास्थ्य केंद्र अब सेवा, संघर्ष और समर्पण की मिसाल बनकर उभरा है।
वर्ष 2022 में सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाओं के सामने भौगोलिक कठिनाइयों और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी बड़ी चुनौतियां थीं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हार नहीं मानी और गांव-गांव पहुंचकर हेल्थ कैंप आयोजित किए। उपचार के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
मितानिनों, एएनएम, सीएचओ, सुपरवाइजर, सेक्टर मेडिकल ऑफिसरों और मैदानी स्वास्थ्य अमले की लगातार मेहनत के साथ जिला प्रशासन के सहयोग ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत किया। इसी समर्पण का परिणाम रहा कि 15 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) मूल्यांकन दल ने मिनपा स्वास्थ्य केंद्र का सफल निरीक्षण और मूल्यांकन किया।
श्याम जायसवाल ने कहा कि मिनपा की यह यात्रा केवल एक स्वास्थ्य केंद्र के विकास की कहानी नहीं है, बल्कि विषम परिस्थितियों में भी जनसेवा के संकल्प को जीवंत रखने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण का प्रेरक उदाहरण है।
