रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने डेटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में कुल 38 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 मई 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो 13 से 15 मई 2026 के बीच उसमें सुधार किया जा सकता है।
परीक्षा कब होगी
सीजी व्यापम द्वारा इस भर्ती परीक्षा की संभावित तिथि 28 जून 2026 तय की गई है। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा। प्रवेश पत्र 22 जून 2026 को जारी किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र रायपुर और बिलासपुर में बनाए जाएंगे।
आवेदन शुल्क
आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। सामान्य वर्ग के लिए 350 रुपये, ओबीसी वर्ग के लिए 250 रुपये तथा एससी-एसटी और दिव्यांग वर्ग के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर शुल्क वापस करने का प्रावधान भी रखा गया है।
शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस या संबंधित विषय में न्यूनतम द्वितीय श्रेणी के साथ स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही पीजीडीसीए या डीओई का ‘O’ लेवल कोर्स पूरा होना चाहिए।
अभ्यर्थियों को ऑपरेटिंग सिस्टम और ऑफिस एप्लिकेशन पर कार्य करने का अनुभव होना चाहिए। हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह भर्ती छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में रोजगार पाने का एक अच्छा अवसर है।
