रायपुर . छत्तीसगढ़ में अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 11 अप्रैल से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।
आज प्रदेश का अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह सूर्योदय 05:44 बजे और सूर्यास्त शाम 06:18 बजे होगा। नमी का स्तर लगभग 9 प्रतिशत और वायुमंडलीय दबाव 1011 हेक्टोपास्कल दर्ज किया गया है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इसका तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा। लगातार शुष्क मौसम के चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां दिन का तापमान करीब 38 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि शाम के समय हल्की हवा चलने से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
