भारत में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तकनीक के माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और सुविधाजनक होगी।
जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण किया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकानों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। दूसरे चरण में जनसंख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
इस बार नागरिकों को स्व-गणना पोर्टल की सुविधा भी दी जाएगी। इसके माध्यम से परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है। यह पोर्टल संबंधित क्षेत्र में मकान सूचीकरण शुरू होने से 15 दिन पहले उपलब्ध होगा और 15 दिनों तक सक्रिय रहेगा।
ध्यान रखने योग्य है कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही घर का लॉगिन किया जा सकेगा और परिवार के मुखिया का नाम एक बार दर्ज होने के बाद बदला नहीं जा सकेगा।
पोर्टल पर जानकारी भरने के लिए पहले राज्य या केंद्र शासित प्रदेश का चयन करना होगा और कैप्चा भरकर आगे बढ़ना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और भाषा का चयन कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना आवश्यक होगा। इसके बाद हाउस लिस्टिंग प्रश्नावली खुलेगी, जिसमें अधिकांश प्रश्न विकल्प आधारित होंगे। सभी जानकारी भरने के बाद ड्राफ्ट सेव किया जा सकता है और आवश्यक संशोधन के बाद अंतिम रूप से सबमिट किया जा सकता है।
सबमिशन के बाद 11 अंकों का SCID नंबर प्राप्त होगा, जो एसएमएस के माध्यम से भी भेजा जाएगा। प्रगणक के घर आने पर यह नंबर उन्हें दिखाना होगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय पर सही जानकारी दर्ज करें, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।
