Sarke Chunar Controversy: मुंबई। फिल्म KD: The Devil के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। गाने में Nora Fatehi और Sanjay Dutt नजर आए हैं। गाने के बोल और विजुअल्स को अश्लील और डबल मीनिंग वाला बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और आलोचना के बाद मेकर्स ने इसे यूट्यूब से हटा कर प्राइवेट कर दिया।
विवाद का कारण
इस आइटम नंबर में नोरा फतेही घाघरा-चोली पहनकर डांस करती नजर आईं। खासकर हुक स्टेप, जिसमें उनके पल्लू का इस्तेमाल हुआ, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कई यूजर्स ने गाने के बोल और विजुअल्स को भड़काऊ और आपत्तिजनक बताया। गाने के बोल रकीब आलम ने लिखे हैं।
NHRC ने भी जारी किया नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पहले ही इस गाने के आपत्तिजनक और डबल मीनिंग वाले बोलों को लेकर नोटिस जारी किया था। इसके अलावा वकील और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को शिकायत भेजी और गाने पर बैन लगाने की मांग की।

बॉलीवुड और खेल जगत से प्रतिक्रियाएं
गाने को लेकर कई बड़े नामों ने भी अपनी राय रखी। सिंगर Armaan Malik ने इसे गीत-लेखन में गिरावट की नई मिसाल बताया। वहीं, क्रिकेटर Harbhajan Singh ने सोशल मीडिया पर जाकर इसका कड़ा विरोध किया।
यूट्यूब पर गाने की स्थिति
गाने को हटाने के बाद यूट्यूब पर अब यह संदेश दिखाई दे रहा है: “वीडियो उपलब्ध नहीं है. ये वीडियो प्राइवेट है।” मेकर्स ने यह कदम बढ़ती आलोचना और विवाद को देखते हुए उठाया।
