T20 World Cup 2026 Final: अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मैच अधिकारियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में इंग्लैंड के दो अनुभवी अंपायर ऑन-फील्ड जिम्मेदारी संभालेंगे।
रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ होंगे ऑन-फील्ड अंपायर
आईसीसी ने इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ को फाइनल मुकाबले के लिए ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया है।
रिचर्ड इलिंगवर्थ का यह लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप फाइनल होगा। इससे पहले उन्होंने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी अंपायरिंग की थी, जिसमें भारत ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को सात रन से हराकर खिताब जीता था। इलिंगवर्थ हाल के वर्षों में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं, जिनमें 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल भी शामिल है।
एलेक्स व्हार्फ के लिए पहला बड़ा वर्ल्ड कप फाइनल
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज एलेक्स व्हार्फ के लिए यह पहला सीनियर वर्ल्ड कप फाइनल होगा, जिसमें वह ऑन-फील्ड अंपायरिंग करेंगे।
व्हार्फ पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर अंपायर तेजी से उभरे हैं। उन्होंने 2022 महिला वर्ल्ड कप और 2023 पुरुष वर्ल्ड कप में भी अंपायरिंग की थी। हाल ही में उन्हें आईसीसी के एलीट पैनल ऑफ अंपायर में भी शामिल किया गया है।
थर्ड और फोर्थ अंपायर की जिम्मेदारी भी तय
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए अन्य मैच अधिकारियों की भी घोषणा कर दी गई है।
- थर्ड अंपायर: साउथ अफ्रीका के अल्लाहुद्दीन पालेकर
- फोर्थ अंपायर: इंग्लैंड के एड्रियन होल्डस्टॉक
- मैच रेफरी: जिम्बाब्वे के एंडी पायक्रॉफ्ट
अल्लाहुद्दीन पालेकर हाल ही में आईसीसी एलीट पैनल में शामिल हुए हैं और इस टूर्नामेंट में कई मुकाबलों में अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा खिताबी मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम इस बार लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी शानदार फॉर्म में है। सेमीफाइनल में फिन एलन की तूफानी पारी ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। ऐसे में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका है। अगर भारत यह मुकाबला जीतता है, तो वह लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।
