Maharashtra New Deputy CM Sunetra Pawar: मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण देखने को मिला। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की वरिष्ठ नेता सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और नया कीर्तिमान स्थापित किया। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के लोकभवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में शामिल वरिष्ठ नेता और माहौल
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत सत्ताधारी गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं, सुनेत्रा पवार के बेटे जय पवार और NCP के दिग्गज नेता प्रफुल पटेल, छगन भुजबल, सुनील तटकरे, धनंजय मुंडे ने भी समारोह में भाग लिया।
सुनेत्रा पवार के शपथ लेने के तुरंत बाद लोकभवन में ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे गूंज उठे। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने दिवंगत नेता अजित पवार को याद कर भावुक हो गए।
NCP विधायक दल की समर्थन प्रक्रिया
शनिवार को मुंबई में हुई NCP विधायक दल की बैठक में पार्टी के सभी विधायकों ने सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल नेता चुना। बैठक में दिलीप वलसे पाटिल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया। इसके साथ ही सुनेत्रा पवार को विधानसभा में विधायी कामकाज करने और व्हिप जारी करने के सभी संवैधानिक अधिकार प्रदान किए गए।

अजित पवार का निधन और सुनेत्रा पवार की नई जिम्मेदारी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में हवाई जहाज हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं। वे जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे, तभी विमान क्रैश हो गया, जिसमें अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
अजित पवार के निधन के बाद NCP ने सुनेत्रा पवार को पार्टी का मुखिया घोषित किया और अब राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में उन्हें महाराष्ट्र सरकार में नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
