Magh Mela 2026: प्रयागराज। त्रिवेणी संगम तट पर बसंत पंचमी 2026 के पावन अवसर पर माघ मेला का चौथा स्नान पर्व भव्य रूप से जारी है। देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालु सुबह से ही संगम के घाटों पर पवित्र डुबकी लगाने पहुंचे। दोपहर 12 बजे तक लगभग 2 करोड़ 10 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के बावजूद भक्ति भाव से श्रद्धालु लगातार संगम में डुबकी लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि संगम में ‘आस्था की डुबकी’ सभी के लिए शुभ और फलदायी हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के लिए माँ गंगा से कामनाएं की कि उनकी मनोकामनाएं पूरी हों और पवित्र स्नान से सभी को पुण्य प्राप्त हो।
माघ मेला 2026 की शुरुआत पौष पूर्णिमा स्नान के साथ 3 जनवरी को हुई थी। इसके बाद से ही बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा वर्ग संगम में आस्था की डुबकी लगाकर माघ मेले में भाग ले रहे हैं।

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस माघ मेले में लगभग 5 लाख कल्पवासी भाग ले रहे हैं। कल्पवास के दौरान श्रद्धालु दिन में दो बार गंगा नदी में स्नान करते हैं। इसके बाद भोजन ग्रहण कर शेष समय अपने आराध्य देवताओं की पूजा-अर्चना और ध्यान में व्यतीत करते हैं।
इस भव्य और ऐतिहासिक पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ ने प्रयागराज का नजारा और भी अनुपम बना दिया है। संगम पर पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालु इसे जीवन का एक महत्वपूर्ण और पुण्यकारी अनुभव मान रहे हैं।
