अगर आप ऑफिस वर्क के लिए WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए खास है। WhatsApp जल्द ही वेब यूजर्स के लिए ग्रुप वॉइस और वीडियो कॉलिंग सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को ग्रुप कॉल करने के लिए मोबाइल फोन की जरूरत नहीं होगी और वे सीधे ब्राउजर के जरिए कॉल कर सकेंगे।
अब तक WhatsApp ने वेब प्लेटफॉर्म पर वॉइस और वीडियो कॉलिंग को लेकर संकेत दिए थे, लेकिन ग्रुप कॉलिंग का सपोर्ट नहीं था। नई अपडेट के साथ कंपनी इस कमी को दूर करने की तैयारी में है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी अलग ऐप को इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी, यूजर्स सीधे WhatsApp Web पर ही कॉल कर पाएंगे।
इन यूजर्स को होगा सबसे ज्यादा फायदा
WhatsApp Web पर कॉलिंग फीचर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा, जो ऑफिस या किसी पब्लिक कंप्यूटर पर काम करते हैं। ऐसे यूजर्स अब अपने लैपटॉप या PC में WhatsApp ऐप इंस्टॉल किए बिना ही कॉल कर सकेंगे। इसके अलावा, कॉल नोटिफिकेशन को लेकर भी यूजर्स को बेहतर कंट्रोल मिलने की उम्मीद है।
टेस्टिंग में दिखी झलक
हाल ही में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp ग्रुप चैट्स के लिए वॉइस और वीडियो कॉलिंग फीचर पर काम कर रहा है। टेस्टिंग के दौरान इसका एक स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि वेब क्लाइंट से सीधे ग्रुप कॉल शुरू करने का विकल्प मिलेगा। बता दें कि पिछले साल इस फीचर की शुरुआती झलक जरूर मिली थी, लेकिन तब ग्रुप कॉलिंग सपोर्ट शामिल नहीं था।
कितने लोग जुड़ सकेंगे?
रिपोर्ट्स की मानें तो WhatsApp Web पर ग्रुप कॉलिंग में शुरुआत में 32 पार्टिसिपेंट्स तक जोड़ने की सुविधा मिल सकती है। हालांकि, रोलआउट के बाद भविष्य में इस लिमिट को बढ़ाया भी जा सकता है।
फिलहाल कंपनी ने आधिकारिक लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फीचर जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
