Spirit Release Date Confirmed: मुंबई। साउथ सुपरस्टार प्रभास और ‘एनिमल’ के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ गई है। लंबे समय से जिस रिलीज डेट का फैंस इंतजार कर रहे थे, अब उस पर आधिकारिक मुहर लग चुकी है।
इस दिन होगी रिलीज
मेकर्स ने ऐलान किया है कि यह मेगा बजट फिल्म 5 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हालांकि इस घोषणा ने उत्साह तो बढ़ाया है, लेकिन साथ ही दर्शकों का इंतजार और लंबा हो गया है। कई फैंस को उम्मीद थी कि फिल्म 2026 में ही बड़े पर्दे पर आएगी, लेकिन अब उन्हें एक साल से ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा।
नए साल पर आया था दमदार फर्स्ट लुक
1 जनवरी 2026 को फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी थी। पोस्टर में प्रभास बेहद रॉ और इंटेंस अवतार में नजर आए। शर्टलेस लुक, पीठ पर चोटों के निशान, हाथ में शराब का गिलास और मुंह में सिगरेट यह सब उनके किरदार के हिंसक और जटिल अतीत की ओर इशारा करता है। वहीं तृप्ति डिमरी का शांत लेकिन रहस्यमयी अंदाज भी चर्चा में रहा।

दीपिका की जगह तृप्ति डिमरी
फिल्म से जुड़ा एक बड़ा बदलाव यह रहा कि पहले इसमें दीपिका पादुकोण को कास्ट किया गया था। लेकिन शेड्यूल और शिफ्ट टाइम को लेकर मतभेद के बाद वह प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं। इसके बाद संदीप रेड्डी वांगा ने ‘एनिमल’ फेम तृप्ति डिमरी को फिल्म में साइन किया। यह तृप्ति के करियर का अब तक का सबसे बड़ा पैन-इंडिया प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
पुलिस ड्रामा होगी ‘स्पिरिट’
‘स्पिरिट’ एक हाई-ऑक्टेन पुलिस ड्रामा है, जिसमें प्रभास एक गुस्सैल लेकिन जांबाज IPS अधिकारी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 300 करोड़ रुपये है। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग कर सकती है।
फिल्म में प्रभास और तृप्ति के अलावा विवेक ओबेरॉय, प्रकाश राज और कंचना अहम किरदारों में दिखाई देंगे। वहीं, कोरियाई स्टार डॉन ली के जुड़ने की खबरें भी चर्चा में हैं।
