Thalapathy Vijay : चेन्नई। तमिल सुपरस्टार और तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) के अध्यक्ष थलपति विजय रविवार देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पर उस वक्त सुर्खियों में आ गए, जब फैंस की भारी भीड़ के बीच वह लड़खड़ाकर गिर पड़े। यह घटना मलेशिया से उनकी आगामी और आखिरी फिल्म ‘जना नायकन’ के ऑडियो लॉन्च इवेंट से लौटते समय हुई, जिससे कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जैसे ही विजय एयरपोर्ट से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़े, बड़ी संख्या में मौजूद फैंस उन्हें देखने और सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़ गए। इसी धक्का-मुक्की के बीच कार तक पहुंचने से कुछ सेकंड पहले विजय का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और सुरक्षित रूप से गाड़ी में बिठाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ देर की घबराहट के बाद हालात काबू में आ गए और विजय को सुरक्षित एयरपोर्ट से बाहर ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई तथा फैंस को वहां से हटाया गया।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हंगामे के दौरान विजय के काफिले की एक गाड़ी का मामूली एक्सीडेंट भी हुआ, हालांकि इस पर एयरपोर्ट प्रशासन या विजय की टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस घटना को लेकर फैंस ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई और भीड़ प्रबंधन पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने लिखा कि इतनी सीमित भीड़ को भी ठीक से संभाल न पाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक है। कुछ फैंस ने यह भी मांग की कि भविष्य में विजय की यात्राओं के दौरान बेहतर प्लानिंग और मजबूत सिक्योरिटी इंतजाम किए जाएं।
गौरतलब है कि हाल ही में मलेशिया के कुआलालंपुर में ‘जना नायकन’ के ऑडियो लॉन्च के दौरान विजय ने संकेत दिया था कि यह फिल्म उनके फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म होगी, जिसके बाद वह पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देंगे। यही वजह है कि उन्हें देखने के लिए एयरपोर्ट पर फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
