Swaraj Kaushal Passes Away: नई दिल्ली। वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व मिजोरम राज्यपाल और दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल का गुरुवार को 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दिल्ली बीजेपी ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और कानूनी क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्वराज कौशल देश के प्रतिष्ठित वरिष्ठ वकीलों में गिने जाते थे और कानून तथा सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय रहा।
स्वराज कौशल का जन्म 12 जुलाई 1952 को हिमाचल प्रदेश के सोलन में हुआ था। वे लंबे समय तक सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत रहे और अपनी तेज-तर्रार सोच, ईमानदार कार्यशैली और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनकी पत्नी सुषमा स्वराज भारतीय राजनीति की राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख नेता रहीं, जबकि उनकी बेटी बांसुरी स्वराज वर्तमान में नई दिल्ली से भाजपा सांसद हैं।

भाजपा नेता और मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने स्वराज कौशल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने ईमानदारी और लगन के साथ देश की सेवा की। उन्होंने बांसुरी स्वराज और पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। स्वराज कौशल का जाना कानूनी और राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
