जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 10 सितम्बर 2025 को जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन में आयोजित होगा।
इस शिविर में यूआईडीएआई (UIDAI) के विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, जो विशेष रूप से वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के आधार संबंधी मुद्दों जैसे बायोमेट्रिक मिस-मैच, मल्टीपल रीजेक्शन तथा अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ ही आधार कार्ड बनवाने में आ रही कठिनाइयों का भी निराकरण किया जाएगा।
शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिकों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
