छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने देवी पंडालों और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं। ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आए। इस दौरान देवी पंडाल जनसमस्याओं पर चर्चा और उनके निराकरण का केंद्र बना रहा।
मढ़मढ़ा में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य निर्माण कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कई विकास कार्यों की घोषणा की।
घोषणाओं के तहत दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6.50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण शामिल है। इसके अलावा वीबी-जी रामजी के अंतर्गत मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड निर्माण तथा दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की गई।
गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की गई। इन कार्यों से ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
नेवरीगुड़ा में 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धाम की झांकियां बनीं आकर्षण
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम मैनपुरी पहुंचकर दुर्गा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए और क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचे, जहां नवरात्रि के अवसर पर स्थापित प्रसिद्ध मां दुर्गा पंडाल में आकर्षक धार्मिक झांकियों का अवलोकन किया।
नेवरीगुड़ा के पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की झांकियां स्थापित की गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने यहां पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात की।
ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणाएं कीं। इसके साथ ही ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण और शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं की भी जानकारी ली।
सूरजपुरा के मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना
अपने ग्रामीण प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
धार्मिक आयोजनों के साथ जनसंपर्क पर रहा जोर
उप मुख्यमंत्री का यह ग्रामीण दौरा धार्मिक आस्था और जनसंपर्क का संगम रहा। उन्होंने विभिन्न गांवों में देवी दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा उनकी मांगों के अनुरूप विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम शेड और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े इन प्रस्तावों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करना है।
