FIR Against Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में घिरती नजर आ रही हैं। कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में उनके खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता में दिए गए एक धरना भाषण से जुड़ा बताया जा रहा है।
सांप्रदायिक टिप्पणी के आरोपों पर मामला दर्ज
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी ने धरना मंच से दिए गए भाषण में कथित रूप से सांप्रदायिक टिप्पणी की थी, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका पैदा हुई। शिकायतकर्ता तुषार कांति दास की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 196(1), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
सिलीगुड़ी साइबर क्राइम केस के बाद दूसरा बड़ा मामला
यह नई एफआईआर उस समय सामने आई है जब पहले से ही सिलीगुड़ी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एक अलग मामला दर्ज है। उस केस में भी उन पर कथित रूप से विवादित बयान देने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लगाए गए थे।
धरना प्रदर्शन से जुड़ा है पूरा विवाद
यह पूरा मामला उस धरने से जुड़ा है जो विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता के धर्मतला इलाके में आयोजित किया गया था। आरोप है कि अनुमति न मिलने के बाद भी ममता बनर्जी ने वहां प्रदर्शन किया और मंच से दिए गए भाषण में विवादित टिप्पणियां कीं, जिससे राजनीतिक और सामाजिक तनाव बढ़ने की बात कही जा रही है।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
इससे पहले भी ममता बनर्जी पर सनातन धर्म को लेकर कथित टिप्पणी करने का आरोप लग चुका है, जिसके बाद उनके खिलाफ साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर यह भी आरोप है कि उनके बयानों से विभिन्न समुदायों के बीच तनाव पैदा हुआ।
राजनीतिक हलचल तेज
इन मामलों के सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष लगातार उन पर निशाना साध रहा है, जबकि टीएमसी की ओर से अभी तक इस नए एफआईआर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
