मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (आईआईएफ) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने और उद्योगों के बीच बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। रायपुर में आयोजित होने वाला 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।
आयोजन के दौरान आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार के नए अवसरों पर विशेष फोकस रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने और अपने कारोबार का विस्तार करने के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान और मजबूत होगी।
