रायपुर। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के अंतर्गत नए हितग्राहियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पर्यटन सूचना केंद्र जगदलपुर द्वारा जिला पंचायत बस्तर के सहयोग से आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में इच्छुक हितग्राहियों ने भाग लिया।
बैठक का उद्देश्य नए हितग्राहियों को होमस्टे व्यवसाय की बारीकियों से परिचित कराना, पर्यटन आधारित स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूक करना था। इस पहल से बस्तर में सामुदायिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना जताई गई।
बैठक के दौरान हितग्राहियों से उनके प्रस्तावित होमस्टे से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने यह भी जाना कि वे किन स्थानों पर होमस्टे स्थापित करना चाहते हैं तथा वहां आसपास कौन-कौन से पर्यटन स्थल मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध क्षेत्रों में होमस्टे विकसित होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को होमस्टे व्यवसाय के सफल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें पर्यटकों के स्वागत एवं आतिथ्य प्रबंधन, स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, डिजिटल प्रचार-प्रसार तथा मार्केटिंग के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के प्रावधानों, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
बैठक में उपस्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधाओं, ब्याज अनुदान और बैंकिंग प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हितग्राहियों को आश्वस्त किया कि शासन और बैंकिंग सहयोग के माध्यम से वे अपने होमस्टे व्यवसाय को सफलतापूर्वक स्थापित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत बस्तर के सहायक परियोजना अधिकारी श्री तपन डे ने हितग्राहियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों की विविधता होमस्टे व्यवसाय के लिए व्यापक संभावनाएं प्रदान करती है। उन्होंने हितग्राहियों को पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने और उन्हें बेहतर अनुभव देने के लिए प्रेरित किया।
