Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। चोम फोन इलाके में स्थित एक पब में अचानक भड़की आग की चपेट में आने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 22 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से शुरू हुई आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की शुरुआत पब के स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से हुई। पहले वहां से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में पूरे पब की बिजली चली गई। इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ और आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय पब में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
बाथरूम में फंसे लोग, नहीं मिला बाहर निकलने का रास्ता
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि आग लगने के बाद कई लोग घबराकर पब के पीछे बने बाथरूम की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई उचित रास्ता नहीं था।
अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई। बचावकर्मियों को कई शव बाथरूम के आसपास मिले। इस घटना ने पब की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आग पर आधे घंटे में पाया गया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर नियंत्रण पाया। बचाव दल ने पब के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
आग बुझने के बाद पब के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। फर्नीचर, टेबल-कुर्सियां और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
बैंकॉक प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में घायल 63 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पब की क्षमता 300 से अधिक लोगों की थी। हालांकि सोशल मीडिया पर चार फायर एग्जिट होने का दावा किया गया, लेकिन आपात स्थिति में वे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में प्रभावी साबित नहीं हुए।
प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।
थाईलैंड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
थाईलैंड में नाइटक्लब और पब में आग लगने की यह पहली बड़ी घटना नहीं है। इससे पहले 2022 में एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं 2009 में बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।
