रायपुर। ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन्फ्लुएंसर और कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह “3 STUMPS” नामक वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों पर बड़े स्तर पर सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी महादेव सट्टा सिंडिकेट की तर्ज पर अपना नेटवर्क चला रहा था और देश के कई हिस्सों में ऑनलाइन सट्टा फैला चुका था। इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी मुंबई और भुवनेश्वर में किराए के मकानों से अपना अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। इन ठिकानों से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा था, जिसमें बड़ी रकम का लेन-देन होता था। डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप के जरिए संचालित इस नेटवर्क को ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था।
पुलिस ने कुछ दिन पहले रायपुर समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने बाबू खेमानी का नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर मुंबई में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि खेमानी पहले भी पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है। करीब तीन साल पहले उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी और जुर्माना भी लगाया गया था।
सूत्रों के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहकर इस नेटवर्क को संचालित करते थे और पैसों का लेन-देन ऑनलाइन माध्यमों से किया जाता था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
