रायपुर, छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ये क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। इनके कैमरे और रचनात्मकता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की खूबसूरत तस्वीर दुनिया के सामने आ रही है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में कही।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और उनके सवालों के जवाब देते हुए अपने राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना, संवाद और जनजागरूकता के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित के विषयों को भी लाखों लोगों तक पहुंचा सकते हैं।
16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में दिए गए पुरस्कार
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। कार्यक्रम में 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यमों से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर, जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का सबक
युवा क्रिएटर्स के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने राजनीतिक सफर के बारे में बताया। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचने के सफर पर उन्होंने कहा कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा। गांव के लोगों ने उन्हें पहले पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से उन्हें विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।
नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता से बस्तर में शांति का नया वातावरण
नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है। अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए, हर युवा अपने सपने पूरे करे और प्रत्येक परिवार खुशहाली के साथ जीवन बिताए।
बस्तर में विकास और जनसुविधाओं का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राशन दुकानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरसंचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवाओं का प्रदेश है। यहां सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रयास आवासीय विद्यालयों और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं भी संचालित हैं। बस्तर के जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के मध्य में स्थित है और चार महानगरों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। प्रदेश खनिज, प्राकृतिक और वन संपदा से समृद्ध है। यहां लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है। राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के खनिज राजस्व में सरकार बनने के बाद से 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को डिजिटल बाजार से जोड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को अपने वीडियो और रील के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री श्री साय ने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी खिंचवाई और पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है।
