रायपुर, छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नन्द घरों में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और उनकी सीखने की गतिविधियों को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। नन्द घर बच्चों के शुरुआती विकास के साथ-साथ माताओं तक आवश्यक सहयोग और सेवाएं पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
गुजरात प्रवास के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने गांधीनगर स्थित सचिवालय में गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और उनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
यह भ्रमण छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक बेहतर पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवेदनशील देखभाल की सुविधाएं पहुंचाना है।
