मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर उपचार की उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और उनसे दूरभाष पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायपुर में भर्ती कराया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने शशिकांत के इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
2016 के सड़क हादसे के बाद बिगड़ी स्वास्थ्य स्थिति
वर्ष 2016 में हुए सड़क हादसे में शशिकांत को गंभीर चोटें आई थीं। दुर्घटना के बाद वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। हादसे के कारण उनकी सर्वाइकल संबंधी समस्या गंभीर हो गई, जिससे हाथ-पांव की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। इसके बाद लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री से बातचीत ने बढ़ाया परिवार का हौसला
मुख्यमंत्री से फोन पर बातचीत और तत्काल मिली चिकित्सकीय सहायता के बाद शशिकांत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर उनका हालचाल पूछना, एम्स रायपुर में उपचार की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करना उनके और उनके परिवार के लिए बड़ा संबल है।
इस पहल से शशिकांत को विशेषज्ञ उपचार मिलने के साथ उनके परिवार में भी बेहतर स्वास्थ्य की नई उम्मीद जगी है।
