श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार सक्ती जिले के बाराद्वार में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. रामप्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 734 हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 1 करोड़ 25 लाख 39 हजार 500 रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई। हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक भी प्रदान किए गए।
डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए 31 प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे बढ़कर पंजीयन कराने और पात्र योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, नौनीहाल छात्रवृत्ति एवं मेधावी शिक्षा सहायता योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
अटल उत्कृष्ट योजना सत्र 2026-27 के तहत चयनित पांच विद्यार्थियों और टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के माता-पिता को मंच पर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया और उनके अधिकारों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, पूर्व विधायक खिलावन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
