17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत जनभागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को वर्चुअल बैठक ली।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सहभागिता और जनभागीदारी को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ना है। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत जमीनी स्तर पर और हर घर में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। विद्यालयों में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं “नमो सेवा गाथा” के तहत ग्राम, नगर और विभिन्न संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
25 सितम्बर को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में “आंगन का उत्सव” आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चों के वजन, टीकाकरण सहित स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। “कहानी का बदलाव” कार्यक्रम के माध्यम से सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा।
अभियान के दौरान “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति अभियान”, “सेवा मेरा योगदान” और “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। निर्धारित दिवस पर “रंगोली राष्ट्र” के तहत घरों और चयनित नगरों में रंगोली बनाई जाएगी। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत पांच क्षेत्रीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को “जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट” कार्यक्रम के साथ होगा। इस दौरान लेखन, भाषण, नाटक, सफलता की कहानियां, सेवा ज्योति, स्वच्छता अभियान, कार्यशालाओं और अन्य जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन ग्राम स्तर से जिला स्तर तक किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
