मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गरियाबंद जिले के विकासखंड मैनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गोहरापदर के वार्ड क्रमांक-01 डाकोपारा में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप की मरम्मत कर उसे दोबारा चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति फिर से सुचारु हो गई है।
क्रेडा विभाग के जिला प्रभारी टी.आर. ध्रुव ने बताया कि ग्राम गोहरापदर के उपसरपंच मेघराम बघेल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप लंबे समय से बंद पड़ा है और पानी की टंकी में भी सुधार की आवश्यकता है। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
क्रेडा विभाग की टीम ने 13 जुलाई 2026 को मौके पर पहुंचकर तकनीकी निरीक्षण किया। जांच में सामने आई खामियों को दूर करते हुए आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद सोलर ड्यूल पंप को सफलतापूर्वक दोबारा चालू कर दिया गया।
पंप के संचालन शुरू होने से डाकोपारा के ग्रामीणों को नियमित पेयजल मिलने लगा है। कार्य पूरा होने के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव ने संतोष व्यक्त करते हुए विभाग को संतुष्टि पत्र भी सौंपा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निराकरण से आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ शासन की पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत हो रही है।
