छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक शासकीय सेवाओं की आसान, त्वरित और पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित कर रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न प्रमाण-पत्रों और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश देवांगन ने बताया कि ग्राम मैनपुरकला निवासी नैन सिंह ने अपनी पुत्री तथा ग्राम नहानबिरी निवासी बोध सिंह ने अपने पुत्र के लिए तहसील मैनपुर स्थित सेवा सेतु केंद्र में आय प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया था। दोनों आवेदकों को मात्र 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया।
समय पर प्रमाण-पत्र मिलने से दोनों हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अब पहले की तुलना में अधिक सरल, सुगम और समयबद्ध हो गई है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है।
