रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्राम बेन्द्री में मेसर्स 3-डी इनोवेशन कारखाने में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। साथ ही कंपनी प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।
जानकारी के अनुसार फेरो एलॉयज डिवीजन में फर्नेस के लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट में श्रमिक अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा कारखाना प्रबंधन और श्रमिकों से प्रारंभिक पूछताछ की गई।
प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इस संबंध में कारखाने के अधिभोगी और प्रबंधक को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।
विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध की अवधि के दौरान कारखाने में कार्यरत सभी श्रमिकों को नियमानुसार वेतन और अन्य देय भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
