दुर्ग। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी सिंचाई विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभाग के ही कर्मचारी से सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की 5 लाख रुपए की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, विभागीय कर्मचारी नंद कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए जीपीएफ खाते से 5 लाख रुपए निकालने आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। परेशान कर्मचारी ने 22 जून को एसीबी रायपुर में इसकी शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को कार्यालय में 10 हजार रुपए दिए, तभी पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के डीएसपी सुरेश सोनी ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
