गरियाबंद, । विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र गरियाबंद द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इजराइल में ‘होम बेस्ड केयर गिवर’ के 3,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) के माध्यम से किया जा रहा है।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह लगभग 2 लाख रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके साथ ही आवास, भोजन और चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।
ये सुविधाएं भी मिलेंगी
भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को वेतन के अलावा रहने और खाने की सुविधा, मेडिकल बीमा, 9 दिन का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिन का वार्षिक अवकाश दिया जाएगा। कार्य व्यवस्था सप्ताह में छह दिन की रहेगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक है। साथ ही इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य है तथा वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए।

ऐसे होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस और इजराइली नियोक्ता द्वारा वीडियो इंटरव्यू शामिल होगा। सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने युवाओं से भर्ती के नाम पर सक्रिय दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन करने की अपील की है।
