रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने वन विभाग के एक रेंजर की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर निलंबित करने के निर्देश दिए।
मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग की आपत्ति और संबंधित रेंजर की गैरमौजूदगी से जुड़ा था। शिविर में जब यह विषय उठा तो सांसद ने अधिकारियों से पूछा कि जिम्मेदार रेंजर उपस्थित क्यों नहीं है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना स्वीकार्य नहीं है।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन भी प्राप्त हुए। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में मिले सभी आवेदनों का निराकरण सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान हरिहर हाई स्कूल की भूमि पर अतिक्रमण और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि से जुड़े मामले भी सामने आए। इस पर पटवारी, राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार को मंच पर बुलाकर स्थिति की जानकारी ली गई।
सांसद ने राजस्व अधिकारियों को भूमि संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस शिविर में स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
