छत्तीसगढ़ की जनता के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य सरकार 9 जून से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai इस हेल्पलाइन का शुभारंभ करेंगे। इसके माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर राज्य का कोई भी व्यक्ति कॉल कर अपनी समस्या बता सकता है। शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री कॉल के अलावा पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित होगी।
शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण करना होगा। राज्य सरकार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
