रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव के दूसरे दिन आम प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। आमों की सुगंध और स्वाद से सराबोर इस आयोजन में लोगों ने देशभर की दुर्लभ, लोकप्रिय और उन्नत किस्मों के आमों का अवलोकन किया तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।
महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादक किसानों द्वारा आम की विविध किस्मों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। अल्फांसो, केसर, दशहरी, फजली और अरुणिमा जैसी किस्मों की सबसे अधिक मांग देखने को मिली। लोगों ने अपनी पसंदीदा किस्मों के आमों की जमकर खरीदारी की।
प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय ने आम से बनने वाले विभिन्न व्यंजनों की रेसिपी बताई और उनके द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन में आम की विविधता, स्वाद और कृषि नवाचारों को करीब से जानने का अवसर मिलने से लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
**किसानों को मिले आम उत्पादन के वैज्ञानिक गुर**
महोत्सव के तहत आयोजित तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने किसानों को आम की उन्नत खेती, पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियां, कीट एवं रोग प्रबंधन, पोषण प्रबंधन तथा आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही उत्पादन लागत कम करने, गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने के उपाय भी बताए गए। किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विशेषज्ञों ने व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए।
**मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान**
आम महोत्सव के दौरान उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी द्वारा मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में शंपा यादव ने प्रथम, अंशिका नायक ने द्वितीय और सान्वी नायडू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को जय हरीतिमा लेडीज क्लब रायपुर की अध्यक्ष ममता चंदेल ने पुरस्कार प्रदान किए।
राष्ट्रीय आम महोत्सव आम उत्पादकों, उद्यमियों और आम प्रेमियों के लिए ज्ञान, व्यापार और स्वाद का एक अनूठा मंच बनकर उभर रहा है।
