बलरामपुर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पिपरोल में काशीसोत व्यपवर्तन योजना के नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। 1314.53 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से 650 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और लगभग 150 किसान प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
परियोजना के तहत 5920 मीटर मुख्य नहर तथा 9910 मीटर माइनर नहर का निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद खरीफ सीजन में 500 हेक्टेयर और रबी सीजन में 150 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नहर विस्तार से सेंदुर और पिपरोल क्षेत्र के किसानों को वर्षभर खेती करने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मंत्री ने किसानों को धान के साथ दलहनी एवं तिलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देने, मिश्रित खेती अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गोबर खाद और जैविक खेती से भूमि की उर्वरता बनी रहती है तथा उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार होता है।
उन्होंने कहा कि नहर विस्तार से केवल सिंचाई सुविधा ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि पशुपालन और मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि परियोजना से विशेष रूप से रबी फसलों की सिंचाई में लाभ मिलेगा और किसान दोहरी फसल लेकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन कराने तथा महिलाओं से महतारी वंदन योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए समय पर ई-केवाईसी कराने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, जनपद अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
