छत्तीसगढ़ में नौतपा के साथ भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। हालांकि बीच-बीच में मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं।
रायपुर में बदला मौसम
बुधवार को रायपुर में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। नौतपा के बीच हुई इस बारिश से लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिली।
अगले तीन दिन जारी रहेगा लू का असर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है। मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज भी हीटवेव अलर्ट
राजधानी रायपुर में 28 मई को भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं और बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है।
