Korba में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में महिला मजदूर की मौत हो गई। परिवार का सहारा बनी महिला फैक्ट्री में काम करने पहुंची थी, लेकिन मशीन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। इस घटना के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है।
मशीन की सफाई के दौरान हुआ हादसा
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़-ईंट फैक्ट्री की है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे महिला मजदूर मशीन की सफाई कर रही थी। उसी दौरान चालू हालत में मशीन का लीवर अचानक नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।
मशीन में दबने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय बिछनी बाई के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय बाद उसी दिन फैक्ट्री में काम पर लौटी थी।
नाबालिग बेटे के सिर से उठा मां का साया
हादसे में जान गंवाने वाली महिला का एक नाबालिग बेटा है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने उचित मुआवजा मिलने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।
मुआवजे पर बनी सहमति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं Phool Singh Rathia और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए।
करीब चार घंटे तक फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच बातचीत चली। आखिरकार मुआवजा देने पर सहमति बनने के बाद शव को उठाया गया।
