रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। राज्य में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से नागरिक 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर रवाना होने के दौरान मीडिया से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हेल्पलाइन के शुरू होने के बाद राज्य का कोई भी नागरिक फोन कॉल के जरिए अपनी समस्या दर्ज करा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी शिकायतों के निराकरण के लिए एक निश्चित समय सीमा तय की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को तय समय के भीतर समस्याओं का समाधान करना अनिवार्य होगा। यदि निर्धारित समय में शिकायत का समाधान नहीं किया गया, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और घर बैठे ही उनकी शिकायतों का समाधान हो सकेगा।
