छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में कृषि, पशुपालन समेत 60 से अधिक कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
जारी सूचना के अनुसार, अभ्यर्थी 27 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, प्रवेश परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होने की संभावना है। पीएटी (PAT) और पीपीवीटी (PPVT) परीक्षाएं राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
इन विश्वविद्यालयों में मिलेगा प्रवेश
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख विश्वविद्यालयों से जुड़े कॉलेजों में एडमिशन दिया जाएगा, जिनमें शामिल हैं—
- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय
- महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय
- दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय
60 से अधिक कॉलेजों में सीटें उपलब्ध
इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत विभिन्न विषयों में सीटें उपलब्ध हैं—
- 33 कृषि कॉलेज
- 4 कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज
- 17 उद्यानिकी कॉलेज
- 1 वानिकी कॉलेज
- 1 फूड टेक्नोलॉजी कॉलेज
- 1 पशु चिकित्सा कॉलेज
- 1 डेयरी टेक्नोलॉजी कॉलेज
- 1 मत्स्य पालन कॉलेज
कैसे करें आवेदन
अभ्यर्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
स्थानीय अभ्यर्थियों को राहत
छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों के लिए राहत की बात यह है कि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों का शुल्क शासन के नियमानुसार वापस किया जाएगा।
यह परीक्षा कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
