गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। आईआरसीटीसी (IRCTC) जल्द ही बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित ‘रेल नीर’ प्लांट को दोबारा शुरू करने जा रहा है, जिससे यात्रियों को किफायती दर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
करीब डेढ़ साल से बंद पड़े इस प्लांट के शुरू होने के बाद यात्रियों को मात्र 14 रुपये में ‘रेल नीर’ पानी मिल सकेगा। अभी तक राज्य के रेलवे स्टेशनों पर पानी की आपूर्ति नागपुर स्थित प्लांट से की जा रही थी।
हालांकि बढ़ती गर्मी के कारण नागपुर प्लांट पर मांग काफी बढ़ गई है। इसकी उत्पादन क्षमता रोजाना लगभग 6,000 पेटी है, लेकिन अधिक मांग के चलते वहां से छत्तीसगढ़ को सप्लाई जारी रखना संभव नहीं हो पा रहा था। नागपुर प्लांट ने 14 अप्रैल के बाद सप्लाई बंद करने की बात भी स्पष्ट कर दी थी।
ऐसे में बिलासपुर प्लांट के दोबारा चालू होने से रायपुर, दुर्ग और रायगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन लगभग 72 हजार बोतल है, जिससे झारखंड के रांची, टाटानगर और धनबाद जैसे स्टेशनों को भी आपूर्ति की जा सकेगी।
पिछले समय में ‘रेल नीर’ की कमी का फायदा निजी कंपनियों को मिला था। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए किनले, शिवनाथ, शिवा, ओटू-ड्रॉप्स और ब्लू जैसी कंपनियों से अनुबंध किया था। हालांकि इन्हें भी 14 रुपये में पानी बेचने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई जगहों पर अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें सामने आईं।
अब ‘रेल नीर’ प्लांट के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को सस्ती और शुद्ध पानी की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
