रायपुर, भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा तथा उनके उत्थान के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन हमें समाज में समरसता, न्याय और समानता के मूल्यों को सशक्त करने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सच्चे अर्थों में उनके विचारों को आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और एक न्यायपूर्ण, समरस तथा सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
