भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में पीलिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में 9 नए मरीज सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 24 के पार पहुंच गई है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र को अलर्ट पर रख दिया है।
सबसे ज्यादा प्रभावित सेक्टर-7 के 37 ए और 37 बी क्षेत्र बताए जा रहे हैं, जहां स्वास्थ्य टीम लगातार निगरानी कर रही है। तेजी से फैलते संक्रमण को रोकने के लिए घर-घर सर्वे और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी बीच दुर्ग सांसद विजय बघेल ने प्रभावित इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 104 घरों का सर्वे किया है और संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही लोगों को क्लोरीन टैबलेट वितरित की जा रही है और साफ व उबला पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और तुरंत जांच कराएं, ताकि संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
