छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने की दिशा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक नई पहल की शुरुआत हुई है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राकेश रंजन ने मुलाकात की।
बैठक के दौरान गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया ने रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के बीच हुए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) की जानकारी साझा की। इसके तहत रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल शिक्षा में AI आधारित नवाचारों को बढ़ावा देना है।
“सक्षम शिक्षक अभियान” के अंतर्गत राज्य के शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहल के पहले चरण की शुरुआत रायपुर से होगी, जिसके बाद इसे राज्य के सभी जिलों में विस्तार दिया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराएगा, जिससे शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके।
प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों की भागीदारी से विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें गूगल फॉर एजुकेशन टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही कक्षा शिक्षण में AI के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक-सक्षम और नवाचार आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों को शिक्षा से जोड़ना प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पहल से शिक्षण पद्धतियों की गुणवत्ता बढ़ेगी और विद्यार्थियों में नए युग के कौशल विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है, जहां हर विद्यार्थी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और अवसरों से भरपूर शिक्षा मिल सके।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर एक आधुनिक और तकनीक-सक्षम शिक्षा व्यवस्था का निर्माण करना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
