Raja Shivaji: मुंबई। बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का फर्स्ट लुक टीजर रिलीज हो गया है और दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। फिल्म महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके अदम्य साहस पर आधारित है। टीजर में रितेश देशमुख का वीर और रौद्र अवतार देखने को मिला, जो उनके करियर के अब तक के अंदाज से बिल्कुल अलग है। फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
राजा शिवाजी का टीजर
टीजर में स्वराज की स्थापना, मुग़ल और अन्य शक्तियों के खिलाफ शिवाजी महाराज के संघर्षों को भव्य और रोमांचक ढंग से पेश किया गया है। इसमें एक ऐसे वीर पुत्र की झलक दिखाई गई है, जिसने अपने संकल्प, साहस और रणनीति से इतिहास की दिशा बदल दी। टीजर का विजुअल ट्रीटमेंट, बैकग्राउंड स्कोर और एक्शन सीक्वेंस इसे एक भव्य सिनेमैटिक अनुभव का संकेत देते हैं।
रितेश देशमुख का नया अवतार
‘राजा शिवाजी’ में रितेश देशमुख न केवल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके इस योद्धा अवतार ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया है। उनका लुक, उनकी चाल और उनकी उपस्थिति फिल्म के ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण माहौल को और मजबूत बनाती है।
स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, बोमन ईरानी और फरदीन खान जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म का संगीत मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने दिया है, जबकि संतोष सिवन की सिनेमैटोग्राफी इसे भव्य और दृश्यात्मक रूप से समृद्ध बनाती है। फिल्म को जियो स्टूडियोज प्रस्तुत कर रही है।
भाषाई संस्करण और दर्शक उम्मीदें
‘राजा शिवाजी’ को मराठी, हिंदी और तेलुगु में रिलीज किया जाएगा, जिससे यह बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचेगी। टीजर के आधार पर कहा जा सकता है कि यह फिल्म ऐतिहासिक, प्रेरणादायक और भव्य सिनेमैटिक अनुभव देने वाली है। रितेश देशमुख का योद्धा अवतार और फिल्म की कहानी इसे साल 2026 की सबसे बड़ी ऐतिहासिक फिल्मों में शामिल करने की पूरी संभावना है।
