Iran-US-Israel : ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष का शनिवार को 16वां दिन है। इस दौरान जहां अमेरिका और इजरायल की ओर से हमले जारी हैं, वहीं ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित मरीना और अल-सुफौह इलाके में जोरदार धमाके किए। इसके अलावा कुवैत को भी निशाना बनाया गया। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
फुजैराह तेल टर्मिनल पर हमला, कामकाज ठप
ईरान के हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह तेल टर्मिनल पर कामकाज रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह हमला इतना भीषण था कि दूर से ही काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। अधिकारियों को आग पर काबू पाने के लिए कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। इस हमले में जॉर्डन का एक नागरिक घायल होने की भी खबर है।
अल-धाफरा एयर बेस पर मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प ने दावा किया है कि उसने संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अल-धाफरा एयर बेस को निशाना बनाया। यहां तैनात अमेरिकी सेना पर 10 मिसाइलें और कई ड्रोन दागे जाने की बात कही गई है। हालांकि इस हमले से हुए नुकसान को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बनाया निशाना
यूएई के अलावा ईरान ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमला किया। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हमले नाकाम किए
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश का एयर डिफेंस सिस्टम ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के लिए लगातार सक्रिय है। मंत्रालय के अनुसार कई इलाकों में सुनी गई तेज आवाजें दरअसल एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा किए गए इंटरसेप्शन की थीं।
यूएई पर अब तक 1800 से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन
रिपोर्ट्स के अनुसार मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान अब तक संयुक्त अरब अमीरात की ओर 1800 से अधिक मिसाइलें और ड्रोन दाग चुका है। इसी कारण यूएई इस तनावपूर्ण हालात में तेहरान का सबसे ज्यादा निशाना बनने वाला देश बन गया है।
