Priyanka Chopra Oscar Presenter: लॉस एंजेल्स। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और अंतरराष्ट्रीय स्टार प्रियंका चोपड़ा 98वें ऑस्कर 2026 में प्रेजेंटर के रूप में नजर आएंगी। यह समारोह 15 मार्च 2026 को अमेरिका के लॉस एंजेल्स स्थित डॉल्बी थिएटर में आयोजित होगा। प्रियंका चोपड़ा के इस ऐतिहासिक मंच पर भारत का नाम रोशन करने की खबर आते ही उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह फैल गया है।
प्री-ऑस्कर डिनर में दिखाई दी ग्लैमर लुक
समारोह से पहले प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनास के साथ लग्जरी फैशन ब्रांड Dior द्वारा आयोजित प्री-ऑस्कर डिनर में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने हॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों के साथ फोटो और वीडियो क्लिक कराए। एमा वत्सन सहित कई बड़े कलाकार इस पार्टी में उपस्थित थे। प्रियंका की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उन्हें ऑस्कर के मंच पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
भारत में लाइव कैसे देखें ऑस्कर
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि यह ऑस्कर समारोह उनके लिए बेहद खास होने वाला है। भारत में फैंस इसे 16 मार्च की सुबह लगभग 4:30 बजे डिज़्नी+ हॉटस्टार और स्टार मूवीज पर लाइव देख सकेंगे। अमेरिका में यह समारोह एबीसी चैनल पर प्रसारित होगा और Hulu पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध रहेगा।
सिनर्स पर टिकी सबकी नजर
इस साल ऑस्कर 2026 में कई बड़ी फिल्मों को नामांकन मिला है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म ‘सिनर्स’ को लेकर है। इस फिल्म को कुल 16 नामांकन मिले हैं, जो ऑस्कर इतिहास में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि ‘सिनर्स’ कितने अवॉर्ड अपने नाम कर पाएगी।
