मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नया पैरेंट-कंट्रोल्ड अकाउंट फीचर शुरू करने की घोषणा की है। इस नई व्यवस्था के तहत माता-पिता की निगरानी में छोटे बच्चे भी ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे।
यह बदलाव इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि अब तक Meta के स्वामित्व वाले इस ऐप पर अकाउंट बनाने की न्यूनतम आयु सीमा 13 वर्ष थी। अब कंपनी बच्चों के सुरक्षित उपयोग को ध्यान में रखते हुए नई प्रणाली लागू कर रही है।
माता-पिता के नियंत्रण में होगा पूरा अकाउंट
कंपनी के ब्लॉग के अनुसार, इस फीचर के तहत माता-पिता या अभिभावक बच्चों के लिए अकाउंट बना सकेंगे और उसके इस्तेमाल को नियंत्रित कर सकेंगे। बच्चे ऐप पर मुख्य रूप से मैसेज भेजने और कॉल करने जैसे सीमित फीचर्स का ही उपयोग कर पाएंगे।
अभिभावक बच्चों की कॉन्टैक्ट लिस्ट को भी नियंत्रित कर सकेंगे, यानी बच्चा किन लोगों से बात कर सकता है, यह फैसला माता-पिता करेंगे। हालांकि, चैट की सामग्री पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेगी।
पिन के जरिए सुरक्षित रहेंगी सेटिंग्स
नई व्यवस्था में सभी महत्वपूर्ण सेटिंग्स पैरेंटल पिन से सुरक्षित होंगी। इसका मतलब है कि गोपनीयता और सुरक्षा से जुड़ी सेटिंग्स को केवल माता-पिता ही देख या बदल सकेंगे।
यानी अकाउंट भले ही बच्चे के नाम पर होगा, लेकिन पूरा नियंत्रण अभिभावकों के हाथ में रहेगा और बच्चे केवल सीमित तरीके से ऐप का उपयोग कर पाएंगे।
कंपनी के अनुसार, यह सुविधा फिलहाल चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है और आने वाले समय में इसे अधिक देशों में लागू किया जाएगा।
