उप मुख्यमंत्री ने केमिस्ट के पद पर चयनितों को सौंपे नियुक्ति पत्र
प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं परिणाममुखी बनाया जाएगा
अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में केमिस्ट के पद पर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 10 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी भी मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री साव ने कहा कि केमिस्टों की संख्या बढ़ने से विभागीय जल परीक्षण प्रयोगशालाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा मैदानी स्तर पर जल गुणवत्ता की जांच में सहूलियत होगी। प्रदेशवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इन नियुक्तियों से विभाग को तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन मिला है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं में विश्वास बढ़ा है और उन्हें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिल रहा है। नवनियुक्त केमिस्ट पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और सेवा-भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाएं।
श्री साव ने स्पष्ट किया कि जल गुणवत्ता की निगरानी में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं परिणाममुखी बनाया जाएगा।
प्रमुख अभियंता ओंकेश चंद्रवंशी ने बताया कि विभाग द्वारा स्वीकृत 12 केमिस्ट पदों पर व्यापम के माध्यम से चयन प्रक्रिया संपन्न की गई थी। दस्तावेज परीक्षण में 11 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा। चयनित 11 अभ्यर्थियों में 2 महिला एवं 9 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।
