रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने पुलिस विभाग में सूबेदार, सब-इंस्पेक्टर (विभिन्न शाखाएं) और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों पर भर्ती के लिए अहम अपडेट जारी किया है। आयोग ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। पात्र अभ्यर्थी CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in या online.ecgpsconline.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
DV और PST की तारीख व परीक्षा केंद्र
DV और PST का आयोजन 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, रायपुर और राजनांदगांव जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, जबकि PST सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
एडमिट कार्ड में दर्ज होंगी ये जानकारियां
प्रवेश पत्र में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, आवेदन संख्या, श्रेणी, जन्मतिथि, परीक्षा तिथि, परीक्षा केंद्र का पता और आवश्यक निर्देश शामिल होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक या व्यक्तिगत रूप से नहीं भेजे जाएंगे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस) अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया
- सबसे पहले CGPSC की वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर Admit Card/DV-PST सेक्शन में जाकर Police Recruitment लिंक पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन/एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
- सबमिट करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- इसे डाउनलोड कर प्रिंटआउट निकाल लें।
अधिक जानकारी और अपडेट के लिए अभ्यर्थियों को CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करने की सलाह दी गई है।
