मुंबई। हाल ही में आयोजित एक खास कॉनक्लेव में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। इस मुलाकात के दौरान हुए आत्मीय संवाद ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। प्रधानमंत्री ने आमिर खान से उनकी मां का हालचाल बड़े अपनापन से पूछा, जिससे यह साफ झलका कि वह न केवल लोगों से मिलते हैं, बल्कि उनकी बातों और भावनाओं को भी याद रखते हैं।
आमिर की मां का हालचाल पूछा, भावुक हुए लोग
एक सूत्र के अनुसार, जैसे ही आमिर खान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजरें मिलीं, पीएम ने पूछा, “आपकी अम्मी कैसी हैं?” आमिर ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “वो ठीक हैं, सर।” इस पर पीएम मोदी ने पिछली मुलाकात को याद करते हुए कहा, “आपने बताया था कि उनका इलाज चल रहा है।” आमिर ने सिर हिलाकर जवाब दिया, “अब वो बिल्कुल ठीक हैं।”

यह अपनापन भरा पल वहां मौजूद सभी लोगों को गहराई से छू गया। प्रधानमंत्री मोदी की स्मरण शक्ति और आम जनता से जुड़े रहने की आदत ने एक बार फिर लोगों को प्रभावित किया।
‘सितारे ज़मीन पर’ से लौट रहे हैं आमिर, नए चेहरों की होगी ग्रैंड लॉन्चिंग
इस मुलाकात के साथ ही आमिर खान के फैंस के लिए एक और बड़ी खबर सामने आई है। आमिर जल्द ही अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ जेनेलिया देशमुख भी मुख्य भूमिका में होंगी। फिल्म 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की खास बात यह है कि इसके जरिए 10 नए कलाकारों को लॉन्च किया जा रहा है। ये चेहरे हैं: आरोष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, संवित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर।
फिल्म का निर्देशन आर. एस. प्रसन्ना ने किया है, जिन्होंने इससे पहले ‘शुभ मंगल सावधान’ जैसी हिट फिल्म बनाई थी। फिल्म का स्क्रीनप्ले दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है, गीत अमिताभ भट्टाचार्य द्वारा रचित हैं और संगीत दिया है शंकर-एहसान-लॉय ने।
प्रोडक्शन की बागडोर संभाल रहे हैं दिग्गज
‘सितारे ज़मीन पर’ को प्रोड्यूस कर रहे हैं आमिर खान, अपर्णा पुरोहित और रवि भागचंदका। इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जा रहा है और यह उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों को उसी तरह छूएगी जैसे ‘तारे ज़मीन पर’ ने किया था।
