मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में हेल्थकेयर कौशल विकास हेतु सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट से एमओयू
रायपुर, छत्तीसगढ़ में रोजगार, कौशल विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण और श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
यह समझौता राज्य में हेल्थकेयर सेक्टर के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन तैयार करने और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। एमओयू के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक एवं कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
हेल्थकेयर प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का मार्ग प्रशस्त
समझौते का मुख्य उद्देश्य हेल्थकेयर प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, युवाओं का कौशल उन्नयन तथा आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित जनशक्ति तैयार करना है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अंतर्गत आवासीय एवं गैर-आवासीय दोनों प्रकार के निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सकें।
चार प्रमुख कोर्स होंगे संचालित
एमओयू के तहत कुल चार प्रकार के विशेष प्रशिक्षण कोर्स संचालित किए जाएंगे, जिनमें—
- मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी
- कार्डियोलॉजी तकनीशियन
- ईसीजी तकनीशियन
- कार्डियक केयर तकनीशियन एवं इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन
शामिल हैं। ये कोर्स युवाओं को विशेषज्ञ कौशल प्रदान कर हेल्थकेयर क्षेत्र में स्थायी करियर निर्माण का अवसर उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री बोले— कौशल विकास विकास की रीढ़
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास को विकास की रीढ़ मानती है, विशेषकर हेल्थकेयर सेक्टर की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कौशलयुक्त कार्यबल तैयार करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ युवाओं के लिए व्यापक रोजगार संभावनाएं भी उत्पन्न करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास पर केंद्रित यह पहल राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी सहायक सिद्ध होगी। प्रशिक्षित युवा अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों और आपातकालीन सेवाओं में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सी. श्रीनिवास, ट्रस्ट के प्रतिनिधि तथा कौशल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
