PM Modi Address Nation On Women Reservation Bill: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद संसद में इस महत्वपूर्ण बिल को पारित नहीं होने दिया गया, जिससे देश की महिलाओं के सपनों को ठेस पहुंची है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कुछ दलों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोक दिया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने महिला सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक अवसर को खो दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक नहीं था, बल्कि देश की आधी आबादी को न्याय देने का प्रयास था।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और वे इस तरह के फैसलों को याद रखेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी।
गौरतलब है कि महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में पारित न होने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री का यह संबोधन आया है। आगामी चुनावों के मद्देनज़र यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है, खासकर उन राज्यों में जहां जल्द ही मतदान होने वाला है।
पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
- पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति ने देश की महिलाओं को नुकसान पहुंचाया है और उन्होंने विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रयासों को विफल कर दिया है.
- पीएम ने कहा, मैं देश की सभी महिलाओं से क्षमा मांगता हूं. उन्होंने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी दल महिलाओं की शक्ति को हल्के में ले रहे हैं.
- उन्होंने कहा, आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि भारत की महिलाओं की प्रगति किस प्रकार रुक गई है. देश की महिलाओं के सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया है, और हमारे तमाम प्रयासों के बावजूद हम सफल नहीं हो सके.
- पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं ने देखा है कि कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियां महिला सशक्तिकरण के खिलाफ अपनी स्वार्थी राजनीति का जश्न मना रही हैं. उन्होंने कहा, विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध करके पाप किया है और उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी.
- पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दलों ने विधेयक को हराकर हमारे संविधान का अपमान किया है. इस विधेयक का मकसद किसी से कुछ भी छीने बिना महिला सशक्तिकरण को पंख देना है.
- उन्होंने कहा कि मुझे कांग्रेस से अपनी पिछली गलतियों को सुधारने की उम्मीद थी, लेकिन उसने नया इतिहास रचने का मौका गंवा दिया. परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं आगे बढ़ें क्योंकि इससे उनकी स्वार्थी राजनीति खत्म हो सकती है.
- पीएम मोदी ने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर-दक्षिण विभाजन के बारे में झूठी बातें फैला रही है. उन्होंने कहा कि एक महिला सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान नहीं भूलती.
- पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा किया गया यह अपमान हर महिला के दिल में हमेशा रहेगा. नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन समय की मांग है और उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम में समान सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का एक ईमानदार प्रयास है.
- पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के सभी प्रयासों का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि हर राज्य की शक्ति समान अनुपात में बढ़ाने की कोशिश थी, लेकिन इस ईमानदार प्रयास की, कांग्रेस और उसके साथियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है.
- कांग्रेस खुद तो देश के ज्यादातर विषयों में अपना वजूद खत्म कर चुकी है. अब वह परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार होकर खुद को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है. लेकिन कांग्रेस यह नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दलों की ताकत बढ़े.
